University Exams 2020: यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित होने वाली फाइनल ईयर की परीक्षाओं पर फिर घमासान शुरू हो गया है। इस बार दिल्ली यूनिवर्सिटी, मुंबई यूनिवर्सिटी और जेएनयू के शिक्षकों ने यूजीसी के चेयरमैन को पत्र लिखकर परीक्षाएं रद्द करने का आग्रह किया है। शिक्षकों का कहना है कि कोविड-19 प्रकोप के मद्देनजर पिछले प्रदर्शन के आधार पर स्टूडेंट्स को प्रमोट कर दिया जाए।
इस बारे में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव थोराट और विभिन्न विश्वविद्यालयों के 27 अन्य शिक्षकों ने यूजीसी के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। यह पत्र 9 जुलाई, 2020 को यूजीसी के अध्यक्ष डीपी सिंह को भेजा गया है। इस पत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय, डीयू, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, जेएनयू, हैदराबाद विश्वविद्यालय, यूओएच, मुंबई विश्वविद्यालय, एमयू, टाटा इंस्टीट्यूट के प्रोफेसरों द्वारा हस्ताक्षर किए गए हैं।दरअसल यूजीसी ने हाल ही में घोषणा की थी कि सितंबर में फाइनल ईयर की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके साथ ही परीक्षा के दौरान कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए सारी उपायो को अपनाने के निर्देश दिए हैं। अब इन्हीं परीक्षाओं पर शिक्षक विरोध कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मार्च में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से सभी स्कूल-काॅलेज बंद चले रहे हैं। इसके बाद से ही सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। बोर्ड से लेकर यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी स्थगित हो गई थीं। इसके बाद से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही परीक्षाएं आयोजित होंगी।