दैनिक समसामयिकी (Current Affairs) के मुद्दों की महत्त्वपूर्ण जानकारी आज के इस लेख द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जो सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी है –
सरकार करेगी Online Storage Management (OSM) शुरू –
केंद्र सरकार दिनांक 1 अप्रैल, 2022 से लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (TPDS) के तहत खाद्यान्न के भंडारण, संचालन और वितरण में परिचालन दक्षता लाने के लिए “ऑनलाइन स्टोरेज मैनेजमेंट (OSM)” नामक एक डिजिटल प्रणाली शुरू करने जा रही है। परिवहन ठेकेदारों द्वारा गोदामों और उचित मूल्य की दुकानों के बीच हेरफेर की गतिविधियों को कम करने के उद्देश्य से यह प्रणाली शुरू की जाएगी।
OSM प्रणाली के बारे में:
- यह प्रणाली, भारतीय खाद्य निगम (FCI) और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ चावल और गेहूँ के स्टॉक की मात्रा और गुणवत्ता पर Real Time Data प्रदान करेगी।
- यह सिस्टम अनाज स्टॉक को खरीद बिंदुओं से लेकर PDS वितरण आउटलेट तक ट्रैक करेगा।
- राज्य सरकारों द्वारा खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) के सहयोग से OSM सिस्टम को विकसित किया जा रहा है।
भारतीय मसाला बोर्ड ने लॉन्च किया ‘Spice Xchange India Portal’ –
हाल ही में भारतीय मसाला बोर्ड (Spice Board of India) ने स्पाइस एक्सचेंज पोर्टल (Spice Xchange India) लॉन्च किया है। यह पोर्टल विश्व स्तर तक भारतीय मसाला निर्यातकों और खरीददारों के बीच एक मिलन स्थल के रूप में कार्य करेगा। यह देश में अपनी तरह का पहला प्लेटफॉर्म है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से इस प्लेटफॉर्म को लॉन्च किया गया है। यह पोर्टल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से खरीदारों और विक्रेताओं को जोड़ता है। यह देश में मसालों के कारोबार को आसान बनाने के अलावा मसाला निर्यात को बढ़ाने के सरकारी प्रयासों की भी मदद करेगा।
भारत में स्पाइसेस बोर्ड एक्ट, 1986 के तहत स्पाइस बोर्ड की स्थापना की गई थी जो वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत काम करता है। भारत के कुल बागवानी निर्यात में मसालों का योगदान 41% है। भारतीय कृषि वस्तुओं में मसाले चौथे स्थान पर हैं। शीर्ष तीन रैंक पर समुद्री उत्पाद, गैर बासमती चावल और बासमती चावल है। भारत पूरे विश्व में मसालों का सबसे बड़ा उत्पादक, उपभोक्ता और निर्यातक है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने जारी किया जिला सुशासन सूचकांक –
हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने जिला सुशासन सूचकांक (District Good Governance Index) जारी किया। विशेष रूप से यह सूचकांक जम्मू और कश्मीर के लिए जारी किया गया है। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा संयुक्त रूप से इस सूचकांक को तैयार किया गया है। 58 संकेतकों और 116 डेटा बिंदुओं के उपयोग से इस सूचकांक को तैयार किया गया है, जिसमें शीर्ष पाँच जिले जम्मू, डोडा, सांबा, पुलवामा और श्रीनगर थे।
इस सूचकांक की रैंकिंग से राज्यों और जिलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनेगा। यह उपयोगी जानकारी प्रदान करने के साथ जिला प्रशासन को सेवाओं में सुधार और जीवन को आसान बनाने के लिए कारगर रणनीति बनाने में सक्षम बनाता है।
निम्नलिखित क्षेत्रों से संकेतकों (indicators) का उपयोग इस सूचकांक में किया जाता है:
- कृषि और संबद्ध गतिविधियाँ: 11
- वाणिज्य और उद्योग: 5
- मानव संसाधन विकास: 9
- सार्वजनिक स्वास्थ्य: 9
- सार्वजनिक अवसंरचना और उपयोगिता: 6
- समाज कल्याण और विकास: 6
- वित्तीय समावेशन: 3
- न्यायपालिका और सार्वजनिक सुरक्षा: 4
- पर्यावरण: 2
- नागरिक केंद्रित शासन: 3
संयुक्त समुद्री अभ्यास ‘पश्चिम लहर (XPL-2022)’ का आयोजन –
हाल ही में दिनांक 25 जनवरी, 2022 को भारतीय नौसेना द्वारा पश्चिमी तट पर आयोजित एक संयुक्त समुद्री अभ्यास ‘पश्चिम लहर (एक्सपीएल-2022)’ संपन्न हुआ। 20 दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास का आयोजन पश्चिमी नौसेना कमान की परिचालन संबंधी योजनाओं को सुदृढ़ करने और भारत की तीनों सेनाओं एवं तटरक्षक बल के बीच अंतर-सेवा तालमेल बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। इस अभ्यास का आयोजन पश्चिमी नौसेना कमान के एफओसी-इन-सी के तत्वावधान में किया गया। इस इंट्रा-थिएटर अभ्यास में भारतीय नौसेना के 40 से अधिक जहाजों और पनडुब्बियों की संलग्नता और भागीदारी दर्ज की गई है।
करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी
1. अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस (International Day of Education) कब मनाया जाता है?
उत्तर – 24 जनवरी
- दिनांक 3 दिसम्बर, 2018 को संयुक्त राष्ट्र ने प्रस्ताव पारित करके प्रतिवर्ष 24 जनवरी को अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाने की घोषणा की थी।
- इस दिवस को मनाने का उद्देश्य शान्ति व विकास में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करना है।
- भारत में ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ प्रतिवर्ष 11 नवम्बर को मनाया जाता है। भारत में यह दिवस देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।
2. राष्ट्रीय बालिका दिवस (National Girl Child Day) की स्थापना कब की गई?
उत्तर – वर्ष 2008
- प्रतिवर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस (National Girl Child Day) मनाया जाता है।
- इस दिवस को मनाने का उद्देश्य देश में सभी स्तरों पर बाल लिंगानुपात के बारे में जागरूकता फैलाने तथा बालिकाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
- भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री (इंदिरा गाँधी) ने 24 जनवरी को ही पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी स्मृति के लिए इस दिन को राष्ट्रीय बालिका दिवस के लिए चुना गया था।
3. हाल ही में कोयला मंत्रालय के सचिव डॉ. अनिल कुमार जैन ने प्रदर्शन संकेतक (KPI) साझा करने के लिए किस पोर्टल का शुभारंभ किया?
उत्तर – कोयला दर्पण पोर्टल
- इस पोर्टल को कोयला मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इस तक पहुँच सकें।
- इस पोर्टल के प्रारंभिक चरण में कोयला/लिग्नाइट उत्पादन, कोयला/लिग्नाइट की कुल खरीद, अन्वेषण डाटा, केंद्रीय क्षेत्र की योजनाएँ और ताप विद्युत संयंत्रों में कोयला भंडार की स्थिति जैसे संकेतक शामिल किए गए हैं।
4. सामान्य सेवा केंद्र (CSC) ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और नागरिकों को व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने हेतु कौन-सा एप लॉन्च किया?
उत्तर – योग्यता मोबाइल एप
- इस एप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और अन्य नागरिकों को व्यावसायिक शिक्षा और कौशल वृद्धि के अवसर प्रदान करना है।
- CSC ने लॉन्च के दौरान बताया कि इस एप में रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए साइबर सुरक्षा, CAD और 3D प्रिंटिंग जैसे पाठ्यक्रमों तक पहुँच शामिल है।
5. हाल ही में किस कंपनी ने ‘AI Research Super-Cluster (RSC)’ का अनावरण किया है?
उत्तर – मेटा
- हाल ही में जुकरबर्ग की कंपनी ‘मेटा’ ने दुनिया का सबसे तेज एआई (आर्टिफिशियल) सुपर कम्प्यूटर पेश किया है।
- जुकरबर्ग ने मेटा के पहले AI कम्प्यूटर को AI रिसर्च सुपरक्लस्टर (RSC) कहा है।
- RSC के दूसरे चरण के पूर्ण होने पर इसमें कुल 16,000 GPU होंगे।